जबलपुर। बेलबाग और पनागर पुलिस ने जुए के दो अलग-अलग फड़ों पर कार्रवाई करते हुए कुल 17 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 44 हजार 520 रुपए की नगदी और जुआ सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
नर्मदा मंदिर के पीछे चल रहा था जुए का फड़
बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया कि गत रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंजड़ मोहल्ला स्थित नर्मदा मंदिर के पीछे गली में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने घेराबंदी कर नौ लोगों को पकड़ लिया।
बेलबाग में नौ जुआरी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार मौके से सुमित बारी (38), बब्बू उर्फ सतीश सोनकर (35), सूजल जाट (22), चिक्की उर्फ विकास जाट (37), रूपेश जाट (51), अरविंद जाट (46), श्याम किशन जाट (50), बाल किशन जाट (43) और चेतन देशमुख (37) को पकड़ा गया।
आरोपियों के कब्जे से 7 हजार 520 रुपए नगद और जुआ सामग्री जब्त की गई। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई है।
पनागर के बड़ा फुहारा चौक पर भी दबिश
दूसरी कार्रवाई पनागर थाना पुलिस ने की। थाना प्रभारी डीएसपी विपिन बिहारी सिंह के मुताबिक मुखबिर से बड़ा फुहारा चौक क्षेत्र में जुए का फड़ चलने की सूचना मिली थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
आठ आरोपियों से 37 हजार रुपए जब्त
पनागर पुलिस ने मौके से प्रकाश चंद (66), रंजीत सेन (30), प्रदीप कुमार गुप्ता (65), भानु पटेल (35), मनीष खम्परिया (50), प्रहलाद सोनी (65), सतीश सैनी (67) और राम खिलावन (52) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 हजार रुपए की नगदी और जुआ सामग्री जब्त की है।
दोनों थाना क्षेत्रों में पकड़े गए सभी 17 आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।

पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।