जबलपुर। शहर के अंधमूक चौराहे के पास शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन से तेज धुआं निकलने लगा और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल स्कूटर छोड़कर कूदकर अपनी जान बचाई।
चलती स्कूटर से अचानक निकलने लगा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटर क्रमांक MP-20 XA-3321 अंधमूक चौराहे के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा।
कुछ ही क्षणों में स्कूटर आग की लपटों से घिर गई। स्थिति गंभीर होती देख चालक ने तुरंत वाहन छोड़ दिया और सुरक्षित दूरी पर चला गया।
राहगीरों ने की आग बुझाने की कोशिश
चलती स्कूटर में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने पानी और उपलब्ध अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्कूटर का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त
आग बुझने तक स्कूटर का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक तौर पर स्कूटर में आग लगने के पीछे तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
समय रहते चालक के वाहन से कूद जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।

पाठक प्रतिक्रियाएं
अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।