24 सितंबर 2026
हमारा शहर

रांझी पुलिस ने वाहन चोरी की दो वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर की रांझी पुलिस ने वाहन चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

रांझी पुलिस ने वाहन चोरी की दो वारदातों का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। रांझी पुलिस ने वाहन चोरी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी मोटरसाइकिलों को मौका देखकर चोरी करना स्वीकार किया है।

शोभापुर चौराहे से चोरी हुई थी पहली बाइक

पुलिस के अनुसार पहली घटना 27 जुलाई की रात शोभापुर चौराहा, व्हीकल फैक्ट्री मोड़ के पास हुई थी। कंचनपुर अधारताल निवासी 42 वर्षीय आश्वनी सिंह रात करीब एक बजे अपनी हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।

रास्ते में उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी थी और चाबी बाइक में ही लगी रह गई। कुछ दूरी पर जाते ही उन्हें बाइक स्टार्ट होने की आवाज सुनाई दी। वापस लौटकर देखा तो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर फरार हो चुका था।

इस मामले में रांझी पुलिस ने अपराध क्रमांक 553/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मेडिकल स्टोर के सामने से दूसरी बाइक चोरी

दूसरी वारदात 16 सितंबर को छठवीं बटालियन स्थित इंडियन कॉफी हाउस के सामने ऊषा मेडिकल के पास हुई।

सदर बाजार निवासी 19 वर्षीय हर्ष गुप्ता दोपहर करीब 2.20 बजे अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल खड़ी कर मेडिकल स्टोर में दवाइयां दिखाने गए थे। करीब 10 मिनट बाद वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 732/2026 दर्ज किया।

CCTV और मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

सूचना के आधार पर पुलिस ने शांतिनगर रांझी निवासी 25 वर्षीय हिमांशु सोनी और शारदानगर निवासी 28 वर्षीय हिमांशु झारिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

दोनों चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम क्रमांक MP-22 MD-3093 और हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक MP-20 XD-1140 बरामद कर ली हैं।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के मुताबिक आरोपी हिमांशु सोनी के खिलाफ पूर्व में छह आपराधिक प्रकरण, जबकि हिमांशु झारिया के खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि दोनों आरोपी वाहन चोरी की किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

e
लेखक

editor

पाठक प्रतिक्रियाएं

अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं है।

आपकी प्रतिक्रिया समीक्षा के बाद प्रकाशित हो सकती है।