🔴 BREAKING NEWS
Loading...

अवैध संबंध के शक में आग की चिंगारी बनी दुश्मनी: महिला पार्षद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, खुद भी झुलसी



शिवपुरी की दिल दहला देने वाली घटना, दोनों महिलाएं गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर

शिवपुरी (मध्य प्रदेश)।शिवपुरी जिले के फिजिकल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंध के संदेह ने दो महिलाओं की ज़िंदगी को जलती हुई आग में झोंक दिया। वार्ड क्रमांक-27 में बुधवार को एक महिला ने नगरपालिका पार्षद पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, इसके बाद उसने स्वयं को भी आग के हवाले कर दिया। दोनों महिलाएं बुरी तरह झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की शुरुआत तब हुई जब रानी नाम की महिला, पेट्रोल लेकर पार्षद सुमन बाथम के घर पहुंची। दोनों के बीच कथित विवाद और हाथापाई के बाद रानी ने पेट्रोल उड़ेलकर पहले सुमन को आग के हवाले किया और फिर खुद को भी आग लगा ली। घर में मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

चूंकि दोनों की स्थिति चिंताजनक थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पार्षद के पति राजू बाथम के साथ कथित अवैध संबंधों की आशंका को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल वे सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया गया है।

फिजिकल थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों महिलाओं के बयान फिलहाल नहीं हो सके हैं, लेकिन प्राथमिक साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामला आपसी विवाद और निजी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar