मंडला-जबलपुर हाईवे पर सूजी से भरा ट्रक पलटा, घाट सेक्शन में बिखरीं सैकड़ों बोरियां
मंडला | राष्ट्रीय राजमार्ग-30
मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सूजी से भरा एक ट्रक घाट सेक्शन में अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी सैकड़ों सूजी की बोरियां सड़क किनारे व घाट में बिखर गईं।
तकनीकी खराबी के बाद घाट पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ट्रक जबलपुर से मंडला की ओर जा रहा था। रास्ते में वाहन में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने के बाद चालक ने दोबारा यात्रा शुरू की। लेकिन बबैहा और कोंडरा गांव के बीच घाट पर चढ़ाई के दौरान ट्रक अचानक बंद हो गया और पीछे की ओर लुढ़कने लगा।
चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक के पहिए ऊपर की ओर हो गए तथा पूरा माल सड़क और घाट में फैल गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पुलिस ने सड़क पर बिखरी सूजी की बोरियों को सुरक्षित रखने तथा किसी भी प्रकार की लूटपाट रोकने के लिए पूरी रात पुलिस बल तैनात रखा।
ट्रक मालिक को दी गई सूचना
पुलिस ने हादसे की जानकारी ट्रक मालिक को भी दे दी है। क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने और बिखरे माल को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल टिकरिया थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आई वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की मुख्य वजह ट्रक में आई तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
