पार्लर जाने की बात कहकर नवविवाहिता हुई लापता, पति करता रहा इंतजार... मोबाइल भी हुआ बंद
📍 जबलपुर | शादी के महज चार दिन बाद सामने आया हैरान करने वाला मामला, जेवर पहनकर हुई गायब
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में शादी के महज चार दिन बाद एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। नवविवाहिता अपने पति से यह कहकर ब्यूटी पार्लर गई कि वह तैयार होकर आएगी और फिर दोनों फोटोशूट कराएंगे, लेकिन इसके बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। काफी देर इंतजार करने के बाद पति ने जब कॉल किए तो मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। अब पीड़ित पति ने थाना बरेला और गोसलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पत्नी की तलाश की गुहार लगाई है।
"मैं पार्लर से सजकर आती हूं... फिर फोटोशूट कराएंगे"
पीड़ित गौतम यादव, निवासी बरेला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 21 जून को गोसलपुर निवासी 23 वर्षीय पूनम से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई थी।
शादी के दो दिन बाद 23 जून को पूनम के मायके पक्ष के लोग दोनों को यह कहकर अपने साथ ले गए कि परिवार में विवाह समारोह है। कार्यक्रम के बाद 24 जून को भी ससुराल पक्ष ने उन्हें रोक लिया और बंजारी माता मंदिर में पूजा करने की बात कही।
25 जून को दोनों को बरेला लौटना था क्योंकि घर में शादी की कथा का आयोजन था। इसी दौरान रास्ते में स्टूडियो से फोटो लेने की बात हुई तो पूनम ने पति से कहा—
"मैं पहले ब्यूटी पार्लर जाकर फेशियल, क्लीन-अप, ब्लीच, थ्रेडिंग और टैन रिमूवल करा लेती हूं। आधे घंटे में तैयार होकर आती हूं, फिर ऐसा फोटोशूट कराएंगे कि लगे मैं आपकी नई नवेली दुल्हन हूं।"
पति ने जवाब दिया कि वह वैसे ही बेहद खूबसूरत लग रही है, लेकिन पत्नी ने पार्लर जाने की जिद की और पति को बाहर इंतजार करने के लिए कहकर चली गई।
आधा घंटा बना एक घंटे का इंतजार... फिर बंद हो गया मोबाइल
करीब 50 मिनट से अधिक समय बीतने के बाद भी जब पूनम वापस नहीं लौटी तो गौतम ने कई बार फोन लगाए, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। बाद में मोबाइल भी बंद हो गया।
इसके बाद पति ने पार्लर, आसपास के इलाके, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला।
शादी के जेवर पहनकर हुई गायब
गौतम यादव का कहना है कि उसकी पत्नी शादी में मिले सोने-चांदी के लगभग 12 नग जेवर पहनकर गई थी। उसे संदेह है कि पत्नी सुनियोजित तरीके से लापता हुई है।
हैरानी की बात यह भी है कि पूनम के अचानक गायब होने से उसके मायके पक्ष के लोग भी आश्चर्य जता रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित पति ने थाना बरेला और गोसलपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवविवाहिता की तलाश शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पति अपनी जीवनसंगिनी के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए न्याय की गुहार लगा रहा है।
