मुहर्रम के जुलूस में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, 3 की दर्दनाक मौत, 10 से ज्यादा झुलसे
ताजिए में दौड़ा करंट, मची अफरा-तफरी
घटना गुरुवार रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। गांव के मेवाती मोहल्ले से मोहर्रम का ताजिया पूरे धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाला जा रहा था। जैसे ही जुलूस आगे बढ़ा, ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का तेज करंट ताजिए में लगी लोहे की रॉड में फैल गया और उसे उठाकर चल रहे लोग एक-एक कर जमीन पर गिर पड़े।
चिंगारी के साथ हुआ जोरदार धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तार से संपर्क होते ही तेज धमाका हुआ और चारों ओर भगदड़ मच गई। बिजली की चिंगारियों से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हादसे की पूरी कहानी
प्रत्यक्षदर्शी शाकिर शाह ने बताया कि जुलूस देखने के लिए करीब 150 से 200 लोग मौजूद थे। ताजिया लगभग 15 फीट की कम ऊंचाई पर गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। देखते ही देखते करंट फैल गया और ताजिया उठाकर चल रहे लोग नीचे गिर पड़े। उन्होंने बताया कि करीब 15 लोगों को करंट लगा, जिनमें 10 से अधिक की हालत गंभीर थी।
तीन की मौत, कई अस्पताल में भर्ती
एडिशनल एसपी विवेक कुमार के अनुसार हादसे में 32 वर्षीय राशिद खान और 40 वर्षीय सड्डू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल अरबाज खान ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। 10 से अधिक घायलों का इलाज रतलाम मेडिकल कॉलेज तथा अन्य निजी अस्पतालों में जारी है।
पांच घायलों की हालत नाजुक
डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पांच मरीजों को विशेष निगरानी में रखा गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पिपलौदा थाना पुलिस और एडिशनल एसपी विवेक कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही थी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
