🔴 BREAKING NEWS
Loading...

जबलपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: संकुल प्राचार्य 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार



जबलपुर। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर लगाम लगाने के प्रयासों के बीच लोकायुक्त पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जबलपुर के बरगी क्षेत्र में पदस्थ एक संकुल प्राचार्य को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई शास्त्री नगर के सगड़ा चौराहे पर की गई। प्राथमिक शाला चूल्हाघाटी बरगी में पदस्थ शिक्षक मदन सिंह पंद्रो, जिनकी 12 वर्षों की सेवा पूरी हो चुकी है, को क्रमोन्नति (इन्क्रीमेंट/पदोन्नति) मिलनी थी। संबंधित प्रक्रिया के तहत उनका प्रकरण संकुल प्राचार्य जिनेश कुमार जैन के पास लंबित था, जो कि शासकीय हाई स्कूल मोहास बरगी में पदस्थ हैं।

आरोप है कि जिनेश कुमार जैन ने फाइल अग्रेषित करने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत शिक्षक मदन सिंह पंद्रो ने लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई। जांच में आरोप प्रथमदृष्टया सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर आरोपी प्राचार्य को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(b), और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

बताया जा रहा है कि बरगी क्षेत्र में यह पहली बार नहीं है जब किसी शासकीय कर्मचारी को इस तरह के आरोप में पकड़ा गया हो। लोकायुक्त की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान को और बल देती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar