🔴 BREAKING NEWS
Loading...

पिकनिक मनाने गए 4 युवक-युवतियां डूबे, एक युवती का शव बरामद, 3 की तलाश जारी


 पिकनिक की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, सोन नदी में डूबे 4 युवक-युवतियां

सीधी। रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित सोन नदी के भंवरसेन घाट पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पिकनिक मनाने आए परिवार की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। मैहर से रिश्तेदारों के साथ घूमने पहुंचे चार युवक-युवतियां नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों की चीख-पुकार से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

 नदी में डूबे चार लोग, एक युवती का शव बरामद

घटना सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा, रामपुर नैकिन थाना पुलिस और खड्डी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश अभियान के दौरान एक युवती का शव घटनास्थल से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी में तैरता हुआ मिला, जिसे बाहर निकाल लिया गया।

 मृतका की हुई पहचान

पुलिस ने मृतका की पहचान ज्योति सेन (24 वर्ष), निवासी बूढ़ा बाउर, थाना रामनगर, जिला मैहर के रूप में की है। शव मिलने की सूचना परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

 तीन लोगों की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम नदी में लापता अन्य तीन लोगों की लगातार तलाश कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि सभी गहरे भंवर में फंस गए थे, जिसके कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

 लापता लोगों की पहचान

लापता लोगों में सुभी सेन (15) पिता रामदयाल सेन, निवासी बूढ़ा बाउर जिला मैहर, नीलू बैस (22) पिता लल्लू बैस, निवासी बूढ़ा बाउर जिला मैहर तथा लखन केवट (26) पिता मोहनलाल केवट, निवासी घोगटपुर जिला राजगढ़ शामिल हैं। प्रशासन द्वारा इनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

 भंवरसेन घाट पहले भी रहा है खतरनाक

सोन नदी का भंवरसेन घाट हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटकों और पिकनिक मनाने वालों को आकर्षित करता है। हालांकि नदी के गहरे भंवर और तेज बहाव के कारण यह क्षेत्र बेहद खतरनाक माना जाता है। स्थानीय लोग भी कई बार यहां सतर्कता बरतने की सलाह देते रहे हैं।

 प्रशासन की निगरानी में जारी रेस्क्यू अभियान

फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान जारी है। पुलिस, गोताखोरों और बचाव दल की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही लापता लोगों का पता लगाया जा सकेगा।
 सोन नदी में दर्दनाक हादसा, पिकनिक मनाने पहुंचे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
```

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar