इंस्टाग्राम ऑर्डर बना साइबर जाल, छात्रा से ठगे लाखों रुपये, ब्लैकमेल कर ऐंठे पैसे
इंदौर। शहर के खजराना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा साइबर ठगी और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। आरोपियों ने पहले इंस्टाग्राम पर किए गए ऑर्डर के रिफंड का झांसा दिया और फिर अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूल ली। इसके बाद छात्रा के बैंक खाते से करीब 2.99 लाख रुपये की अवैध निकासी भी कर ली गई।
इंस्टाग्राम से किया था ऑर्डर
पुलिस के अनुसार छात्रा वरीदा की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि उसकी बहन अलीना ने 11 मई को इंस्टाग्राम पेज "सॉफ क्यूक इंडिया" से पानी की दो बोतलें ऑर्डर की थीं और ऑनलाइन भुगतान भी किया था।
रिफंड के नाम पर भेजा गया फर्जी लिंक
कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि ऑर्डर कैंसिल हो गया है और पैसे वापस करने के लिए एक लिंक भेजी गई है। उसने रिफंड प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर छात्रा से लिंक पर क्लिक करवाया और जरूरी जानकारी हासिल कर ली।
फोटो वायरल करने की धमकी देकर वसूले पैसे
20 मई को छात्रा को एक और कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उसके पास छात्रा की आपत्तिजनक तस्वीरें हैं। आरोपी ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएंगी। घबराई छात्रा ने आरोपी द्वारा बताए गए यूपीआई खाते में 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कॉलेज फीस जमा करने पहुंची तो खुला राज
9 जून को जब छात्रा कॉलेज फीस जमा करने पहुंची तो उसे पता चला कि उसके बैंक खाते में पर्याप्त राशि नहीं बची है। बैंक से जानकारी लेने पर सामने आया कि खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 2 लाख 99 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।
साइबर क्राइम और पुलिस की जांच शुरू
घटना के बाद छात्रा ने साइबर क्राइम शाखा और खजराना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिन बैंक खातों और यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
ऑनलाइन खरीदारी करते समय रखें सावधानी
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, रिफंड या इनाम के नाम पर मांगी गई बैंकिंग जानकारी साझा न करें। यदि कोई ब्लैकमेलिंग या साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
एक क्लिक की लापरवाही पड़ सकती है भारी, साइबर ठगों से रहें सतर्क
