राजुल डुप्लेक्स में डबल डेथ से सनसनी, महिला और साथी की गोली लगने से मौत
जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित डॉ. भंडारी अस्पताल के पास राजुल डुप्लेक्स में सोमवार को हुए गोलीकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। गोली चलने की घटना में एक महिला और उसके साथ रह रहे पुरुष की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रेम प्रसंग और विवाद की चर्चा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक मृत महिला की पहचान शक्ति कोहली के रूप में हुई है, जो अपने पति से अलग होकर अपने साथी दीपेश राठौर के साथ राजुल डुप्लेक्स में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चलने की घटना सामने आई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
घटना की सूचना मिलते ही गोरखपुर सीएसपी एम.डी. नागोतिया एवं गोरखपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
पुलिस द्वारा फोरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
आसपास के लोगों से पूछताछ
घटना के बाद पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। दोहरे मौत के इस मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी और चर्चा का माहौल बना दिया है।
गोलीकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस, जांच रिपोर्ट का इंतजार
