तीन फीट जमीन के विवाद में सगे भाई ने ली भाई की जान, कुल्हाड़ी-लाठियों से पीटकर हत्या
नीमच: जावद तहसील के ग्राम कानका से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भूमि विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। बुधवार सुबह सगे भाई और उसके सहयोगियों ने कथित रूप से पूरणमल तेली पर जानलेवा हमला कर दिया। कुल्हाड़ी और लाठियों से किए गए इस हमले में पूरणमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
साजिश के तहत खेत पर बुलाकर किया हमला
परिजनों के मुताबिक महज तीन फीट जमीन को लेकर पिछले 15 दिनों से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि पूरणमल को योजनाबद्ध तरीके से खेत पर बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 लोगों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले की गंभीरता इतनी थी कि पूरणमल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
समझौते के दो दिन बाद फिर भड़की हिंसा
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि दो दिन पहले ही समाज के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और आखिरकार खूनी संघर्ष में बदल गया। घायल पत्नी संपतबाई का इलाज जिला अस्पताल नीमच में जारी है, जबकि पुत्र जीवन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मृतक की पुत्री वंदना ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पहले की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाते, तो यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी रामनिवास सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जमीन का छोटा सा विवाद एक परिवार के लिए बना जीवनभर का दर्द, गांव में पसरा मातम
