24 घंटे में लूट का खुलासा, व्यापारी का दोस्त निकला मास्टरमाइंड
माढ़ोताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख रुपये बरामद
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, इंदौर के लसूड़िया निवासी अभय कुमार सिंह (25 वर्ष) 6 जून को अपने दोस्त लखन चौरसिया के साथ उधारी की रकम लेने जबलपुर पहुंचे थे। अभय अपने दोस्त पियूष पटेल के कहने पर पाटन बायपास स्थित उसके परिचित के घर रुका था।
मझौली क्षेत्र में व्यापारिक लेनदेन के दौरान अभय को लगभग 2 लाख रुपये प्राप्त हुए। इसी दौरान पियूष पटेल ने फोन कर बताया कि उसका एक सामान एक युवक लेकर आ रहा है और उसे साथ लेते आना।
रास्ते में रची गई लूट की साजिश
कुछ देर बाद एक युवक मोटरसाइकिल से आया और अभय को पार्सल सौंप दिया। जब अभय और उसका साथी इंदौर लौटने के लिए बस स्टैंड जाने लगे तो उसी युवक ने उन्हें छोड़ने की बात कही।
शाम करीब 7:30 बजे रास्ते में एक सफेद एक्टिवा जैसी गाड़ी से आए तीन युवकों ने बाइक सवारों पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
इसके बाद आरोपियों ने अभय को पकड़ लिया और चाकू दिखाकर उसके पास रखा काला बैग छीन लिया, जिसमें 2 लाख रुपये नकद और अन्य सामान रखा हुआ था।
ऐसे खुला लूट का राज
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि जिस युवक की मोटरसाइकिल पर अभय और उसका साथी बस स्टैंड जा रहे थे, उसका नाम राजेंद्र पटेल है।
पुलिस पूछताछ में राजेंद्र पटेल ने स्वीकार किया कि उसने इंदौर में मौजूद अपने साथी पियूष पटेल के कहने पर जबलपुर के अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी।
गिरफ्तार आरोपी
- राजेंद्र पटेल (26) – चिमनी नगर, मदन महल
- शरद बेन (21) – बेन मोहल्ला, रामपुर आजाद चौक
- बृजेश उर्फ बिज्जू अन्ना बेन (24) – बेन मोहल्ला, गोरखपुर
- आलोक पांडे (21) – नेहरू नगर, कैंट
- रोहन उर्फ रोहित सिंह ठाकुर (22) – बिलेहरी, गोराबाजार
पुलिस ने क्या बरामद किया?
- ₹1,00,000 नकद
- घटना में प्रयुक्त एक्सिस स्कूटी
- एक्सट्रीम मोटरसाइकिल
- एक चाकू
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले में धारा 49 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है तथा फरार आरोपी पियूष पटेल की तलाश लगातार जारी है।
