पुलिस कस्टडी से फरार युवक जंगल में गंभीर हालत में मिला, मुंह में ठूंसे थे पत्ते, मां ने लगाए गंभीर आरोप

 पुलिस कस्टडी से फरार युवक जंगल में गंभीर हालत में मिला

मुंह में ठूंसे मिले पत्ते, मां ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

डिंडोरी। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ युवक अगले ही दिन जंगल में गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला। युवक के मुंह में जंगली झाड़ियों के पत्ते ठूंसे होने और शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला रहस्यमय बन गया है।

 पुलिस कस्टडी से अचानक हुआ था गायब

जानकारी के अनुसार, उमेश कुमार रविवार रात करीब 10 बजे शाहपुर पुलिस की अभिरक्षा से अचानक लापता हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, वहीं परिजन भी लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे।

 जंगल में मिला सनसनीखेज सुराग

सोमवार सुबह करीब 10 बजे परिजन गोरखपुर डैम से लगे जंगल क्षेत्र में उसे तलाशते हुए पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद उमेश झाड़ियों के बीच बेसुध अवस्था में पड़ा मिला।

परिजनों का दावा है कि उसके मुंह में बेशर्म के पत्ते बुरी तरह ठूंसे गए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने वे पत्ते बाहर निकाले।

 बुरी तरह घायल मिला युवक

परिजनों के मुताबिक उमेश का बायां पैर बुरी तरह सूजा हुआ था और वह अत्यंत कमजोर हालत में दिखाई दे रहा था। उसकी स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसके साथ मारपीट या किसी प्रकार की हिंसा हुई हो सकती है।

परिजनों का कहना है कि युवक इतना डरा हुआ है कि वह खुलकर कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।

 मां ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित की मां ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए पुलिस टीम पर बेटे के साथ ज्यादती करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

 होश आते ही बोला- मुझे पुलिस के पास मत ले जाओ

परिजनों के अनुसार जब उमेश को झाड़ियों से बाहर निकाला गया तो उसे कुछ देर के लिए होश आया। इस दौरान उसने भयभीत होकर कहा—

"मुझे पुलिस के पास मत ले जाओ, वो मुझे मार डालेंगे।"

 अस्पताल में चल रहा इलाज

फिलहाल उमेश कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

डॉक्टर नितिन देशमुख के अनुसार मरीज का ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल काफी कम है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।

 मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अभिरक्षा से फरार युवक आखिर जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी यह हालत कैसे हुई? इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar