युवक पर 3 राउंड फायरिंग करने वाला आरोपी और गर्लफ्रेंड गिरफ्तार
गढ़ा पुलिस की कार्रवाई, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी जब्त
लाल बिल्डिंग क्षेत्र में हुई थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 10:30 बजे करण विश्वकर्मा अपनी गर्लफ्रेंड सोनानी बर्मन के साथ बाइक से लाल बिल्डिंग क्षेत्र पहुंचा था। यहां उसकी मुलाकात अंकित लखेरा से हुई।
दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर करण ने पिस्टल निकाली और अंकित पर लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी।
बाल-बाल बची युवक की जान
हालांकि फायर की गई गोलियां अंकित को नहीं लगीं, लेकिन अपनी जान बचाने के लिए भागते समय वह एक दीवार से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आ गई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
लोकेशन बताने के शक में रची वारदात
जांच में सामने आया है कि करण विश्वकर्मा को शक था कि अंकित लखेरा उसके विरोधियों को उसकी गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी देता है।
इसी बात को लेकर करीब एक माह पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार करण की हर्ष अहिरवार और आर्यन नामक युवकों से पुरानी रंजिश भी चल रही है।
फरारी के बाद पुलिस ने दबोचा
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद गढ़ा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी करण विश्वकर्मा और उसकी गर्लफ्रेंड सोनानी बर्मन को गिरफ्तार कर लिया।
महिला की भूमिका की भी जांच
गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि आरोपी करण विश्वकर्मा के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना की योजना या क्रियान्वयन में महिला की क्या भूमिका रही।
