🔴 BREAKING NEWS
Loading...

डेयरी में दूध नहीं, छिपाकर रखी थीं शराब की पेटियां! पुलिस ने 34 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा

डेयरी में छिपा रखा था शराब का जखीरा, पुलिस ने 34 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा

JABALPUR CRIME NEWS | कोसमघाट स्थित डेयरी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 लाख से अधिक की शराब जब्त

जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र के कोसमघाट स्थित एक डेयरी में दूध की जगह अंग्रेजी शराब का अवैध भंडारण किया जा रहा था। पुलिस ने देर रात छापा मारकर डेयरी के कमरे से 34 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।



डेयरी बनी शराब तस्करों का गोदाम

पुलिस के अनुसार कोसमघाट स्थित बंगाली डेयरी के एक कमरे को शराब तस्करों ने अवैध स्टॉक रखने का अड्डा बना रखा था। यहीं से आसपास के क्षेत्रों में शराब की सप्लाई की जा रही थी।

बीती रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डेयरी परिसर में बड़ी मात्रा में शराब रखी गई है और दो युवक उसकी गिनती कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखते ही भागे आरोपी

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर प्रकाश चक्रवर्ती (26 वर्ष) निवासी सालीबाड़ा और सौरभ पाल (26 वर्ष) मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान कमरे से कुल 34 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इनमें 20 कार्टून बैगपाइपर व्हिस्की की 750 एमएल वाली 240 बोतलें तथा 14 कार्टून 8 पीएम ब्रांड की 750 एमएल वाली 168 बोतलें शामिल थीं।

3 लाख से अधिक कीमत की शराब जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 408 बोतल (लगभग 306 लीटर) अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 6 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम एवं 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।

मामले में फरार आरोपी आकाश चक्रवर्ती की तलाश जारी है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपियों को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ने की कार्रवाई में चौकी प्रभारी गौर उप निरीक्षक नितिन पाण्डे, प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सोनी, ओम नारायण सिंह, राकेश सिंह तथा आरक्षक शिवप्रसाद की सराहनीय भूमिका रही।
अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, डेयरी से निकला लाखों का जखीरा

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar