घर के बरामदे में चली गोली, भाजपा नेत्री संगीता रजक ने तोड़ा दम

भाजपा नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत, रांझी क्षेत्र में सनसनी

JABALPUR BREAKING NEWS | रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर में देर रात हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी

जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत पुराने शोभापुर में देर रात गोली लगने से घायल हुई भाजपा नेत्री संगीता रजक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले संगीता रजक के घर पर बदमाशों द्वारा बम फेंके गए थे, जिसके बाद से परिवार में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ था।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार रांझी गोकलपुर वार्ड से नगर निगम चुनाव में भाजपा की पार्षद प्रत्याशी रह चुकी 38 वर्षीय संगीता रजक, पति बंटी रजक, शनिवार देर रात गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक शनिवार रात घर के बाहर अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया। घर के पुरुष सदस्य स्थिति देखने के लिए बाहर की ओर दौड़े। इसी दौरान संगीता रजक भी अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर बाहर निकलीं।

बताया जाता है कि घर की गैलरी में अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो संगीता रजक खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी थीं। गोली उनके पेट में लगी थी और काफी रक्तस्राव हो रहा था।

पुलिस का क्या कहना है?

रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि कुछ दिन पहले घर पर हुए बम हमले के बाद सुरक्षा की दृष्टि से परिवार अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक पास में रखता था। शनिवार रात लगभग 1 बजे घर के बाहर हलचल सुनाई दी, जिस पर बंटी रजक और उनके बड़े भाई बाहर निकले।

इसी दौरान संगीता रजक कमरे से लाइसेंसी बंदूक लेकर बाहर आ रही थीं। बरामदे में अचानक बंदूक से गोली चल गई और गोली उनके पेट में जा लगी। परिजन तत्काल उन्हें हैदराबाद ओमेगा हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि गोली दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

मामले की हर अपडेट और पुलिस जांच की जानकारी के लिए जुड़े रहिए सच की दुनिया के साथ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar