रकम दोगुनी करने का झांसा, 100 करोड़ लेकर फरार हुई महिला! 9 महीने से कार्रवाई का इंतजार

 100 करोड़ की कथित ठगी का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय के बाहर धरना 🚨

मध्यप्रदेश के रीवा में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर बुधवार सुबह दर्जनभर से अधिक महिलाएं और पुरुष धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 9 महीनों से वे थानों और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कथित ठगी करने वाली लेडी गैंग के खिलाफ अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

 200 से अधिक लोगों को बनाया शिकार

पीड़ितों के अनुसार आकला सुल्ताना उर्फ नंदा नामक महिला ने जमीन और सोने में निवेश कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लिया। आरोप है कि तीन माह में रकम दोगुनी करने का लालच देकर उसने लोगों से लाखों रुपये जमा करवाए। किसी से 10 लाख, किसी से 20 लाख तो कई लोगों से 50-50 लाख रुपये तक लिए गए।

 पैसे लेकर हुई फरार

जब निवेशकों ने तय समय पर अपना पैसा और लाभांश मांगा तो महिला लगातार बहाने बनाने लगी। आरोप है कि दबाव बढ़ने पर वह करीब 100 करोड़ रुपये की राशि लेकर रीवा से फरार हो गई। इसके बाद पीड़ितों ने विभिन्न थानों में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

धरने पर बैठे लोगों का आरोप है कि पुलिस ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखा रही है। उनका कहना है कि गैंग को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते मामला आगे नहीं बढ़ रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपनी मांगों को लेकर भोपाल तक आंदोलन करेंगे।

 एसपी ने जांच का दिया भरोसा

रीवा पुलिस अधीक्षक गुरु करण सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में कुछ समय लग रहा है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 पीड़ितों की मांग ... जल्द एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar