पेट्रोल पंप के सामने धधका कोयले से भरा ट्रक, टला बड़ा हादसा
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पेट्रोल पंप के सामने खड़े कोयले से लोड ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक का केबिन धू-धू कर जलने लगा। पेट्रोल पंप के नजदीक आग लगने से आसपास मौजूद लोगों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
बुढार क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
घटना बुढार थाना क्षेत्र स्थित बघेल पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। सड़क किनारे खड़े 16 चक्का कोयला लोड ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने ट्रक के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और पूरा केबिन जलकर खाक हो गया। पेट्रोल पंप और रिहायशी क्षेत्र पास होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई।
समय रहते पहुंची दमकल, टला बड़ा खतरा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि आग पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया।
भीषण गर्मी बनी वजह?
हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर भीषण गर्मी को संभावित वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक मोहम्मद हुसैन नामक व्यक्ति का है। आगजनी में ट्रक मालिक को 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
पुलिस कर रही जांच
बुढार थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने बताया कि समय रहते आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पूरे मामले की पड़ताल जारी है।
