💔 उधारी के पैसों ने ली जान
जहरीला पदार्थ खाने से व्यक्ति की मौत, डायरी में मिला लेनदेन का हिसाब
📍 सागर। सागर के मोतीनगर स्थित धर्माश्री इलाके में जहरीला पदार्थ खाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक अपने पीछे एक डायरी छोड़ गया है, जिसमें कई लोगों से पैसों के लेनदेन का हिसाब-किताब लिखा मिला है।
🚔 सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
⚠️ जहरीला पदार्थ खाने से बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार कपिल तिवारी (45) निवासी धर्माश्री ने अज्ञात कारणों के चलते रात में जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई।
💰 मृतक के बेटे आदर्श तिवारी ने बताया कि उनके पिता ने परिचित लोगों को 15 से 20 लाख रुपये उधार दे रखे थे।
😟 परिवार के अनुसार हाल ही में कपिल तिवारी के भाई का एक्सीडेंट हो गया था, जिनका इलाज भोपाल में चल रहा है। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत थी, लेकिन उधार लेने वाले लोग रुपए वापस नहीं कर रहे थे।
📖 डायरी में मिला हिसाब-किताब
परिजनों ने बताया कि मृतक ने एक डायरी में उन सभी लोगों के नाम और रकम का हिसाब लिख रखा था, जिन्हें उसने पैसे उधार दिए थे। पुलिस ने डायरी जब्त कर ली है।
🚨 परिवार का कहना है कि आर्थिक तंगी और उधार के पैसे वापस नहीं मिलने से परेशान होकर कपिल ने यह कदम उठाया।
⚖️ पुलिस जांच में जुटी
मोतीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
