🐅 महिला को मारने वाले बाघ की मौत
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में रेस्क्यू के बाद बिगड़ी हालत, जांच जारी
📍 जबलपुर/उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक महिला को मारकर खाने वाले बाघ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला पनपथा रेंज के खेरवाटोला गांव का है, जहां रविवार तड़के जंगल से भटककर पहुंचे नर बाघ ने महिला पर हमला कर दिया था।
😢 हमले में महिला फूलबाई पाल की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। वहीं मृत बाघ को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर स्थित वेटरनरी विश्वविद्यालय के एसडबलूएफएच लाया गया है।
⚠️ रेस्क्यू के बाद हुई बाघ की मौत
जानकारी के अनुसार महिला पर हमला करने के बाद बाघ करीब 6 घंटे तक शव के पास बैठा रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ को ट्रेंकुलाइज किया गया। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
🩺 विशेषज्ञों का कहना है कि बाघ की मौत ओवरडोज या एंटीडोज देने में देरी के कारण भी हो सकती है। हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
🔬 पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समीता राजौरा ने बताया कि बाघ का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
🔥 घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिसमें कई वनकर्मी घायल हुए हैं।
🐘 बाघ को काबू में करने के लिए मौके पर दो हाथियों को भी बुलाया गया था।
💰 मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक महिला के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों के मुफ्त इलाज की घोषणा की है।
🧪 वन विभाग के अनुसार प्रोटोकॉल के तहत बाघ के शव का दोबारा परीक्षण भी कराया जाएगा। इसके लिए नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी (NTCA) के निर्देश पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है।
❄️ बाघ के शव को एसडबलूएफएच जबलपुर में सुरक्षित डीप फ्रीजर में रखा गया है।
