🔥 ईंट हटाने की बात पर भड़की खूनी भिड़ंत, कुल्हाड़ी-हसिया से कार में तोड़फोड़, बुजुर्ग समेत दो घायल
🧱 दुकान के सामने ईंट रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार झंडा बाजार निवासी 47 वर्षीय शिवकुमार साहू कपड़े की दुकान संचालित करते हैं, जबकि उनके बगल में मंगल राम सेन की किराना दुकान है। बुधवार को मंगल राम की दुकान के सामने कुछ ईंटें रखी थीं, जिससे शिवकुमार की दुकान का हिस्सा ढक रहा था। जब शिवकुमार ने ईंटें हटाने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच बहस छिड़ गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पूरा बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
⚠️ पाइप से हमला, सिर फूटा… जान से मारने की धमकी
पहले पक्ष के शिवकुमार साहू ने पुलिस को बताया कि ईंट हटाने की बात पर पड़ोसी मंगल सेन के बेटे सुरेश सेन और मुकेश सेन भड़क गए। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान सुरेश सेन ने समर्सिबल पंप का भारी लोहे का पाइप उठाकर शिवकुमार के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा सामने आने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। पुलिस ने शिवकुमार की शिकायत पर सुरेश और मुकेश सेन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
🚗 कुल्हाड़ी और हसिया से ईको कार में तोड़फोड़
दूसरी ओर 80 वर्षीय मंगल राम सेन ने पुलिस में दर्ज शिकायत में दावा किया कि विवाद के समय शिवकुमार साहू शराब के नशे में थे। आरोप है कि शिवकुमार घर से लोहे की कुल्हाड़ी और हसिया लेकर आए और वहां खड़ी ईको कार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कार के शीशे और कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
जब बुजुर्ग मंगल राम ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो शिवकुमार ने उनके साथ भी मारपीट की और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं।
👮 पुलिस ने दर्ज किए काउंटर केस
गोसलपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर लिए हैं। एक मामले में सुरेश सेन और मुकेश सेन को आरोपी बनाया गया है, जबकि दूसरे मामले में शिवकुमार साहू के खिलाफ प्रकरण कायम किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
