डांस फ्लोर से सीधे मौत तक! मामूली विवाद में युवक की हत्या, CCTV में कैद वारदात

🚨 तीन पत्ती चौक हत्याकांड : पार्टी में शुरू हुआ विवाद, घर लौटते वक्त युवक को घेरकर चाकुओं से गोदा

📍 मदन महल थाना क्षेत्र में सनसनी

जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के तीन पत्ती चौक पर 16-17 मई की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 22 वर्षीय कपिल प्यासी की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने अंकुश सोंधिया, निहाल सोंधिया सहित एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है।



🍾 पार्टी में शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक शादी सीजन समाप्त होने के बाद डीजे संचालकों और टेंट कारोबारियों द्वारा एक पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में कपिल प्यासी, उसका भाई अतुल प्यासी और शहर के कई कारोबारी शामिल हुए थे।

इसी दौरान टेंट कारोबारी अंकुश सोंधिया और निहाल सोंधिया भी वहां पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि शराब पीने के दौरान डांस करते समय अंकुश का कपिल को धक्का लग गया। मामूली बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई।

हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था।

🔪 घर लौटते वक्त घेरकर किया हमला

पार्टी खत्म होने के बाद कपिल अपने भाई अतुल के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास अंकुश, निहाल और उनके अन्य साथी पीछा करते हुए पहुंचे और दोनों भाइयों को रोक लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने कपिल को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कपिल खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन आरोपियों ने लगातार चाकुओं से उस पर हमला कर दिया। भाई अतुल ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई।

🏥 मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

हमले में गंभीर रूप से घायल कपिल को पुलिस मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि कपिल अपने भाई अतुल के साथ ट्रांसपोर्ट और डीजे में गाड़ी लगाने का काम करता था।

📹 CCTV फुटेज आया सामने

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कपिल का पीछा करते और हमला करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई तेज की।

🚔 आरोपियों का निकाला गया जुलूस

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शहर में उनका जुलूस भी निकाला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में ले जाया गया।

⚖️ अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मदन महल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मामले में अंकुश, निहाल सहित एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

🔥 अपराध, सत्ता और सिस्टम की हर सच्चाई सबसे पहले

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने