मोदीबाड़ा में कैंट बोर्ड का बुल्डोजर एक्शन, अवैध डेरी समेत आधा दर्जन अतिक्रमण ध्वस्त
वर्षों से सरकारी भूमि पर कब्जा कर चल रहा था डेरी संचालन, क्षेत्र में फैली थी गंदगी
जबलपुर। सोमवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कैंट बोर्ड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोदीबाड़ा क्षेत्र में वर्षों से संचालित अवैध डेरी और आधा दर्जन अतिक्रमणों पर बुल्डोजर चला दिया। कैंट बोर्ड की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सरकारी भूमि पर चल रही थी डेरी
जानकारी के अनुसार मोदीबाड़ा एपीएन स्कूल के समीप काफी लंबे समय से इरफान नामक व्यक्ति द्वारा शासकीय भूमि (सी-लैंड) पर अवैध रूप से डेरी संचालित की जा रही थी। डेरी के कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी फैली रहती थी और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
क्षेत्रीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद कैंट बोर्ड प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। कैंट बोर्ड के सीईओ राजीव कुमार द्वारा करीब दो माह पहले डेरी संचालक को अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इंजीनियरिंग सेक्शन और अतिक्रमण दल की संयुक्त कार्रवाई
इसके बाद कैंट बोर्ड के इंजीनियरिंग सेक्शन और अतिक्रमण दल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को धराशाही कर दिया। मौके पर जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य, अतिक्रमण दल प्रभारी नितेश पटेरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
सड़क पर बना लिए थे बाथरूम
बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारी धीरे-धीरे सरकारी जमीन पर कब्जा जमाते जा रहे थे। डेरी के साथ करीब पांच परिवारों ने पक्के मकान भी बना लिए थे। इतना ही नहीं, सार्वजनिक सड़क पर कब्जा कर बाथरूम का निर्माण तक कर लिया गया था।
जूनियर इंजीनियर अनुराग आचार्य ने बताया कि सीईओ राजीव कुमार के निर्देश पर लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं कुछ लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे अगले तीन दिनों के भीतर अपना सामान हटा लें, अन्यथा बोर्ड द्वारा कार्रवाई कर निर्माण तोड़ दिया जाएगा।
| जबलपुर समाचार
