💥 चाय की दुकान पर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया ASI, लोकायुक्त की कार्रवाई से मचा हड़कंप
जबलपुर/सिवनी। मध्यप्रदेश पुलिस महकमे में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जबलपुर लोकायुक्त टीम ने सिवनी के कोतवाली थाना में पदस्थ ASI दिनेश रघुवंशी को एक चाय की दुकान पर बैठकर 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम छितापार कुरई जिला सिवनी निवासी नंदकिशोर चौरसिया ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बेटे अभिषेक चौरसिया को नौकरी दिलाने और सरकारी विभाग में गाड़ी लगाने का झांसा देकर ठगी की गई। मामले में FIR दर्ज होने के बाद जांच की जिम्मेदारी ASI दिनेश रघुवंशी को सौंपी गई थी।
⚠️ आरोप है कि ASI ने “सही रिपोर्ट बनाने” और “फर्जी हस्ताक्षर की जांच कराने” के बदले पहले 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
बाद में बातचीत के दौरान सौदा 20 हजार रुपए में तय हुआ। पीड़ित नंदकिशोर चौरसिया ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर एसपी से की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया।
आज तय योजना के तहत नंदकिशोर रुपए लेकर पहुंचे, जहां ASI ने उन्हें एक चाय की दुकान पर बुलाया। जैसे ही दिनेश रघुवंशी ने रिश्वत की रकम लेकर उसे अपनी जेब में रखा, उसी समय लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
👮 कार्रवाई में शामिल अधिकारी
- डीएसपी नीतू त्रिपाठी
- निरीक्षक राहुल गजभिए
- टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले
- एसआई शिशिर पांडेय
- लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। फिलहाल आरोपी ASI के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
