शादी से ठीक पहले पूर्व प्रेमिका की धमकी
पत्नी ने एसपी कार्यालय में लगाई सुरक्षा की गुहार
✦ सच की दुनिया ✦
जबलपुर। एक महिला ने अपने पति के वैवाहिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को बचाने के लिए पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। ग्राम सगड़ा निवासी 26 वर्षीय शिवानी लोधी शनिवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनके पति शुभम लोधी को उनकी एक पुरानी महिला मित्र द्वारा झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिवानी ने आशंका जताई है कि 21 अप्रैल 2026 को होने वाले उनके वैवाहिक समारोह को रोकने के लिए यह साजिश रची जा रही है।
कोर्ट मैरिज के बाद सामाजिक विवाह में बाधा
शिवानी और शुभम ने 3 मार्च 2026 को न्यायालय और मंदिर में विवाह कर लिया था। परिवारों की सहमति से अब सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
होटल, कैटरिंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी हैं, मेहमानों का आना भी शुरू हो गया है। इसी बीच शुभम की पूर्व परिचित रौनक शर्मा उर्फ श्वेता विरहा द्वारा लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों का मामला सामने आया है।
ब्लैकमेलिंग और झूठे केस की धमकी
पीड़िता के अनुसार, आरोपी महिला सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से लगातार दबाव बना रही है। अलग-अलग नामों से फर्जी आईडी बनाकर शुभम को मिलने के लिए बुलाया जा रहा है और पैसों की मांग की जा रही है।
मांग पूरी न होने पर झूठा दुष्कर्म मामला दर्ज कराने और जेल भेजने की धमकी दी जा रही है।
पुरानी शिकायत भी निकली थी झूठी
आवेदन में बताया गया है कि 23 जनवरी 2023 को भी भेड़ाघाट थाने में इसी महिला द्वारा शुभम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसे पुलिस जांच में निराधार पाया गया था।
उस घटना के बाद दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था, लेकिन शादी की तैयारियों के बीच अचानक फिर से यह मामला सामने आया है।
पुलिस ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा
पूरे मामले को सुनने के बाद डीएसपी बीएस गठोरिया ने पीड़िता को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और इसे तिलवारा थाना प्रभारी को सौंपा गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फोन कॉल्स और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है।
✦ निष्पक्ष खबर | सच की दुनिया ✦
