🔴 BREAKING NEWS
Loading...

श्रद्धा और समर्पण के साथ मना गुड फ्राइडे, जबलपुर में निकली भावुक क्रूस यात्रा



प्रभु यीशु के बलिदान को किया याद, प्रेम-शांति और भाईचारे का संदेश गूंजा शहर में



जबलपुर।देश-दुनिया के साथ-साथ जबलपुर नगर में भी मसीही समाज ने गुड फ्राइडे के पावन अवसर पर शुक्रवार, 3 अप्रैल को गहरी श्रद्धा और आस्था के साथ प्रभु यीशु मसीह को स्मरण किया। शहर के विभिन्न कैथोलिक एवं प्रोटेस्टेंट चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए।

इस दौरान ईसाई धर्मावलंबियों ने प्रभु यीशु मसीह के त्याग, प्रेम और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे वातावरण में भक्ति, शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

झांकियों और क्रूस यात्रा ने किया भावुक
सुबह होली ट्रिनीटी चर्च, नेपियर टाउन से क्रूस यात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—भंवरताल उद्यान, रसल चौक, राजीव गांधी चौक, नगर निगम और बस स्टैंड होते हुए सेंट नार्बट स्कूल के सामने से गुजरकर पुनः चर्च प्रांगण पहुंची।

इस दौरान प्रभु यीशु के जीवन के अंतिम क्षणों का सजीव मंचन किया गया। रोमी शासक पिलातुस द्वारा दिए गए दंड से लेकर कलवारी पर्वत पर क्रूस पर चढ़ाए जाने तक की घटनाओं को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

प्रेम, शांति और मानवता का संदेश
आयोजन से जुड़े संजय मैथ्यूज ने बताया कि गुड फ्राइडे केवल एक धार्मिक अवसर नहीं, बल्कि मानवता, त्याग और करुणा का प्रतीक है। यह दिन प्रभु यीशु के महान बलिदान की याद दिलाता है, जब उन्होंने समस्त मानव जाति के उद्धार के लिए स्वयं को क्रूस पर अर्पित किया।

मसीही समाज के लोगों ने इस अवसर पर एकजुटता का परिचय देते हुए प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar