कटनी भाजपा नेता नीलू रजक हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में दोनों आरोपी घायल, जबलपुर लाए गए इलाज के लिए

 



जबलपुर।भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नीलू उर्फ नीलेश रजक की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहोरीबंद थाना क्षेत्र के कजरवारा इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों  प्रिंस जोसेफ और अकरम  को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश में पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। मौके पर ही उन्हें काबू में लेकर कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए जबलपुर लाया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

‘लव जिहाद’ मामले से जुड़ा था विवाद

जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता नीलेश रजक ने हाल ही में क्षेत्र में सामने आए लव जिहाद के एक मामले में खुलकर विरोध किया था। बताया जाता है कि उन्होंने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया था और पीड़ित परिवार की सहायता भी की थी। इसी कारण आरोपी प्रिंस जोसेफ और अकरम उनसे रंजिश रखने लगे थे। करीब एक माह पहले दोनों ने बीच सड़क पर नीलेश को गोली मारने की धमकी भी दी थी।

संयुक्त टीम की लगातार तलाश रंग लाई

हत्या के बाद से ही कटनी और जबलपुर पुलिस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई थीं। बुधवार रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी कजरवारा इलाके में छिपे हैं। पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने गोली चलाना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से चली गोलियों के बीच आरोपियों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar