🔴 BREAKING NEWS
Loading...

पति की हत्या की साजिश में पत्नी गिरफ्तार: प्रेमी संग रची थी खौफनाक योजना, गोलीकांड का हुआ सनसनीखेज खुलासा




खंडवा (मध्य प्रदेश)।पंधाना थाना क्षेत्र के बड़ी बोरगांव गांव में 24 मई की रात हुए गोलीकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। फल व्यापारी अमीन खान की हत्या उसकी पत्नी शहनाज ने ही अपने प्रेमी अख्तर के साथ मिलकर करवाई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

एएसपी राजेश रघुवंशी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि मृतक की पत्नी शहनाज का पिछले कुछ समय से अख्तर नामक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लगभग पांच महीने पहले शहनाज अपने प्रेमी के साथ महाराष्ट्र भाग गई थी, हालांकि बाद में वह पति के पास लौट आई। लौटने के बावजूद शहनाज और अख्तर के बीच लगातार फोन और सोशल मीडिया के ज़रिए संपर्क बना रहा।

जांच के अनुसार, दोनों ने अमीन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस साजिश को अंजाम देने के लिए 23-24 मई की दरमियानी रात अख्तर बड़ी बोरगांव पहुंचा। तय योजना के मुताबिक, शहनाज ने दरवाज़ा खोलकर अख्तर को भीतर बुलाया और दरवाज़ा बंद कर लिया। अमीन जैसे ही कमरे में आया, अख्तर ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानकर गोली चला दी। अमीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया।

पुलिस की सक्रियता और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे मामले की परतें खुलीं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल और अपराध में उपयोग की गई बाइक को जब्त कर लिया है।

मृतक अमीन खान के चार बच्चे हैं। इस घटना ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी, बल्कि रिश्तों के नाम पर किए जाने वाले अपराधों की क्रूरता को भी उजागर किया है। पुलिस अब इस मामले में अदालत में चालान पेश कर कानूनी कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ रही है।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar