🔴 BREAKING NEWS
Loading...

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते तहसील कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार, 12 सदस्यीय टीम ने रची योजना

 


शहडोल। जयसिंहनगर तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 (बाबू) योगेंद्र द्विवेदी  रीवा लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उस समय अंजाम दी गई, जब वह एक फरियादी से तीन हजार रुपये की दूसरी किस्त के रूप में रिश्वत ले रहा था।

रीवा लोकायुक्त कार्यालय को ग्राम पतेरिया टोला, बुधार निवासी सुरेन्द्र कुशवाहा ने शिकायत सौंपी थी कि तहसील कर्मचारी द्विवेदी ने नक्शा-खसरा में पेड़-पौधों की प्रविष्टि कराने के एवज में छह हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले ही तीन हजार रुपये की एक किस्त ले ली थी और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था।

लोकायुक्त की 12 सदस्यीय विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत फरियादी को आरोपी से मिलने और शेष तीन हजार रुपये सौंपने के लिए कहा गया। जैसे ही आरोपी ने रकम ली, टीम ने तत्परता से दबिश देकर उसे मौके पर ही धर दबोचा।

कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई तथा रिश्वत की राशि को पंचनामे के तहत जब्त किया गया। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar