वैक्यूम टैंकर में 50 लाख की अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार

 


मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान पासिंग के वैक्यूम टैंकर में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब और टैंकर की कुल कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर सूचना से मिली बड़ी कामयाबी
एसपी अभिषेक आनंद ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि नई आबादी थाना प्रभारी वरुण तिवारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वैक्यूम टैंकर के जरिए अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया और थाना प्रभारी ने सुनील सिंह तोमर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया।

नाकाबंदी में पकड़ा गया टैंकर
पुलिस टीम ने नालछा माता फंटा पर नाकाबंदी की और संदिग्ध टैंकर (क्रमांक RJ-15 GA-2111) को रोका। तलाशी के दौरान टैंकर के अंदर सुनियोजित तरीके से स्कीम बनाकर शराब छिपाई गई थी। इसमें 506 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मिली, जिसे राजस्थान से मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों में खपाने की योजना थी।

आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने मौके पर टैंकर चालक को गिरफ्तार किया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस तस्करी के पीछे एक संगठित गिरोह हो सकता है। पुलिस अब इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

कड़ी कार्रवाई की तैयारी
एसपी अभिषेक आनंद ने कहा कि जिले में अवैध शराब तस्करी को पूरी तरह रोकने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि तस्करी के ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने