रांझी थानाक्षेत्र के पनेहरा पेट्रोल पंप के पास रहने वाले एक परिवार के घर चोरों ने धावा बोलकर नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार नातिन की शादी में शामिल होने आमाखोह गया हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी से लौटे तो टूटा मिला ताला
67 वर्षीय रामकली पटेल ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि पूरा परिवार 6 दिसंबर को नातिन की शादी में शामिल होने गया था। जब वे 8 दिसंबर की सुबह वापस लौटे, तो घर का मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर घुसने पर घर का सामान बिखरा हुआ था। अलमारी खुली पड़ी थी, और उसमें रखे दो सोने की अंगूठियां, एक मंगलसूत्र, झुमके, चेन और चांदी के बाले गायब थे।
चोरी की वारदात से सहमे लोग
घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। शादी या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में घर छोड़कर जाना अब लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है। आसपास के निवासियों का कहना है कि पुलिस को क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ानी चाहिए, ताकि चोरियों पर लगाम लगाई जा सके।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए हैं। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। रांझी थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
