मध्य प्रदेश में कर्फ्यू हटेगा या जारी रहेगा, सीएम शिवराज ने कही ये बड़ी बात



MP Lockdown Latest Update: मध्य प्रदेश में अभी कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर कर्फ्यू जारी रहेगा, या हटा लिया जाएगा, इसपर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी बात कही है. उन्होंने कहा है कि राज्य के जिन जिलों में 17 मई तक कोरोना संक्रमण (पॉजिटिविटी) दर पांच प्रतिशत से कम होगी, वहां कर्फ्यू हटाना शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन कर्फ्यू एक दम से नहीं बल्कि वैज्ञानिक तरीके से धीरे-धीरे हटाया जाएगा ताकि फिर कोई दिक्कत न हो जाए.

उन्होंने कहा कि राज्य में जहां भी संक्रमण की दर पांच प्रतिशत से अधिक रहेगी, वहां न तो कर्फ्यू हटेगा और न ही धीरे-धीरे खोला जाएगा. उन्होंने ब्लैक फंगस बीमारी की जानकारी देते हुए भी कहा कि इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है पर चिंता न करें, हमारे पास इसका भी इलाज संभव है पर देर नहीं करनी चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मापदंड कहते हैं कि जहां संक्रमण की दर पांच फीसद से कम होती है, वहां माना जाता है कि महामारी पर नियंत्रण पा लिया गया. इसके मद्देनजर यह तय किया है कि जिन जिलों में 17 मई तक यह दर पांच प्रतिशत से कम आ जाएगी, वहां धीरे-धीरे कर्फ्यू हटाना शुरू कर देंगे, जिलों में एकदम से सब-कुछ नहीं खोला जाएगा.

उन्होंने कहा कि अपने लिए, अपनों के लिए और प्रदेश के लिए कोरोना कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करें. इसकी वजह से ही महामारी नियंत्रण में आ रही है. संक्रमण दर कम हुई है पर हमने जरा भी असावधानी बरती तो बात बिगड़ जाएगी.



संक्रमण की कड़ी तोड़ना है

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि संक्रमण की कड़ी को तोड़ना है और कर्फ्यू का कड़ाई से पालन करना है.किल कोरोना अभियान को सफल बनाना है. सब मिलकर सहयोग करें. कोरोना की जड़ों पर अंतिम प्रहार का मौका है इसलिए चूक न हो जाए, नहीं तो बुरा परिणाम भुगतना पड़ता है. गांव में ही कोरोना को रोक दें,संक्रमित व्यक्ति को बाहर न निकलने दें.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar