वृद्धा की कमजोर आंखों ने दिया धोखा, चाय-पत्ती की जगह डाल दिया कीटनाशक, दंपति की मौत...पढ़ें पूरा मामला

 


नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के अशोकनगर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे हर कोई दंग है। दरअसल, अशोकनगर में रहने वाली वृद्धा सुबह की चाय बनाने गईं, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि जिसे वह चाय की पत्ती की तरह इस्तेमाल करने वाली हैं, उन्हें और पति को वो मौत की नींद सुला देगा।

वृद्धा की नजरें कमजोर थीं, इस कारण वह चाय-पत्ती को नहीं पहचान सकीं। चाय-पत्ती कम पड़ने पर वृद्धा दूसरे कमरे से चाय-पत्ती की जगह कीटनाशक उठा लाईं और उबलते पानी में उन्होंने कीटनाशक डाल दिया। इस चाय को पीने के कुछ देर बाद ही बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा उपचार के बाद सही हालत में है।

ये है पूरा मामला

थाना मुंगावली क्षेत्र के कछियाना मोहल्ले के रहने वाले बुजुर्ग दंपति श्रीकिशन सेन और कोमलबाई अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे। रोजाना की तरह पति श्रीकिशन मंदिर जाने के लिए तैयारी करने लगे। पति पत्नी और बेटा सुबह की चाय साथ पीते थे और कोमलबाई चाय बनाती थीं, लेकिन उनकी नजरें उम्र के साथ ही कमजोर हो चलीं।

पत्नी कोमलबाई चाय बनाने रसोई में गईं और चाय बनाना शुरू कर दिया। जैसे ही उन्होंने चाय पत्ती डालनी चाही, यह खत्म होती दिखी, तो वह चाय पत्ती लाने दूसरे कमरे में गईं। वृद्धा की आंखें कमजोर थीं, इसी धोखे में वह चाय-पत्ती की जगह पैकेट में रखी कीटनाशक दवा उठा लाईं।

रसोई में आकर उन्होंने उबलते पानी में दूसरे कमरे से लाया कीटनाशक डाल दिया। अपने पति को चाय दी और बेटे को जगाने के बाद खुद भी चाय पी ली। चाय पीने के बाद श्रीकिशन सेन साइकिल से मंदिर के लिए रवाना हो गए। वे कुछ दूर पहुंचे, तभी गश खाकर गिर पड़े। इस दौरान बेटे ने भी चाय पी, तो उसे उसका स्वाद कड़वा लगा। उसने चाय को छोड़ दिया। इसी दौरान पड़ोसी श्रीकिशन की खबर लेकर उनके घर पहुंच गए।

श्रीकिशन को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर घर में मौजूद कमलाबाई और बेटे जितेंद्र की हालत भी खराब होने लगी। उन दोनों को परिजन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कमलाबाई को भी मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र को उपचार के दौरान बचा लिया गया।

मामले की खबर मिलते ही मोहल्ले में कोहराम मच गया। मुगावली थाना प्रभारी सोनपाल सिंह तोमर भी मौके पर पहुंच गए। हालांकि मामले की छानबीन की जा रही है। बुजुर्ग दंपति का एक चिता पर अंतिम संस्कार किया गया।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने