बर्थडे स्पेशल: परेशानियां भी नहीं कर पाईं PC को 'शटडाउन'

प्रियंका चोपड़ा को आप भारत की वो मशहूर हस्ती कह सकते हैं जिसे अब पूरी दुनिया पहचानती है. वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर की शुरूआत साल 2003 में सनी देओल की फिल्म 'द हीरो-लव स्टोरी ऑफ ए स्पाय' से की थी. 14 वर्षों में प्रियंका चोपड़ा ने अपनी पहचान हॉलीवुड तक में बना ली है और उन्हें आप हॉलीवुड में भारत का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेस्डर भी कह सकते हैं.

लेकिन प्रियंका के लिए ये सफर आसान नहीं था. वर्ष 2004 में एतराज में एक नेगेटिव रोल करके प्रियंका ने सही मायनों में बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई और वर्ष 2006 में फिल्म 'डॉन' और 'कृष' ने प्रियंका को बॉलीवुड की A लिस्ट में शामिल कर दिया.

प्रियंका के करियर में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब साल 2008 में उनकी फिल्म 'फैशन' रिलीज हुई. इस महिला प्रधान फिल्म में प्रियंका के किरदार ने उन्हें नई पहचान दी और फिर आने वाले वक्त में कई फिल्मों में रोल प्रियंका को ही ध्यान में रखकर लिखे गए

फिल्म 'फैशन' के लिए प्रियंका को नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला. कमीने(2009), 7 खून माफ(2011), बर्फी(2012) मैरीकॉम(2014) और बाजीराव मस्तानी(2015) जैसी फिल्मों के जरिए प्रियंका ने बता दिया जितना दम उनकी खूबसूरती में है उतना ही दम उनकी एक्टिंग में भी है.
प्रियंका चोपड़ा एक प्रोफेशन सिंगर भी है और उनकी इसी कला ने उन्हें हॉलीवुड में भी पहचान दी. 'वेलकम टू माय सिटी' और 'एग्जॉटिक' जैसे उनके गाने विदेशों में भी खूब हिट हुए और यहीं से उनके हॉलीवुड करियर की भी शुरुआत हुई.

मशहूर अमेरिकन सीरीज 'क्वांटिको' में एलेक्स पेरिश के उनके किरदार ने उन्हें अमेरिका के घर-घर में जाना पहचाना चेहरा बना दिया, उनका ये किरदार लोगों को इतना पसंद आया कि अब उनके इस शो का तीसरा सीजन भी आने वाला है.

प्रियंका हॉलीवुड फिल्म' बेवॉच' में भी काम कर चुकी हैं और अब उनकी झोली में दो और हॉलीवुड फिल्में हैं. लेकिन प्रियंका का ये सफर इतना आसान नहीं था. अमेरिका में पढ़ाई के दौरान प्रियंका कई बार रंगभेद का शिकार हुई लेकिन आज वहीं प्रियंका अमेरिका में जानी पहचानी सेलिब्रिटी हैं.

प्रियंका को उनके दोस्त प्यार से पिगी चॉप्स और पीसी कहकर भी बुलाते हैं. पीसी ने अपनी मेहनत के दम पर बता दिया है कि चाहे जीवन में कितनी भी परेशानियां आएं वो आसानी से शटडाउन होने वाली नहीं है. प्रियंका को उनके जीवन में सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उनके पिता अशोक चोपड़ा की मृत्यु हो गई.

प्रियंका अपने पिता के बेहद करीब थी और  उनकी कलाई पर गुदा 'डैडीज लिटिल गर्ल' वाला टैटू इस बात की गवाही देता है कि उनके पिता के लिए प्रियंका हमेशा एक छोटी बच्ची की तरह ही रही हैं.

परपल पेबल पिक्चर  नाम से प्रियंका का एक प्रोडक्शन हाउस भी है जिसके बैनर तले प्रियंका कई स्थानीय भाषाओं में फिल्में भी प्रोड्यूस कर रही हैं. प्रियंका को टाइम मैगजीन दुनिया के सबसे प्रभावशाली 100 व्यक्तियों की लिस्ट में शामिल कर चुकी है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar