बच्चे को लेकर टंकी पर चढ़ी दीपिका ठाकुर, मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

गोद में बच्चा लेकर पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, मचा हड़कंप; पुलिस ने संभाला मोर्चा

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धरमपुरी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस प्रशासन भी तत्काल सक्रिय हो गया।

पहले भी मोबाइल टावर पर चढ़ चुकी है महिला

जानकारी के अनुसार महिला की पहचान दीपिका ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी वह अपने बच्चों के साथ एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। लगातार इस तरह की घटनाओं से प्रशासन और स्थानीय लोगों के सामने चुनौती खड़ी हो रही है।



विवादों के चलते फिर सुर्खियों में

सूत्रों के अनुसार दीपिका ठाकुर के खिलाफ उसके परिजनों तथा धरमपुरी क्षेत्र के भाजपा विधायक कालुसिंह ठाकुर द्वारा ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न आरोपों के तहत प्रकरण दर्ज कराया गया था। इस मामले को लेकर विधायक और महिला के बीच हुई कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा रही है।

बताया जा रहा है कि महिला पारिवारिक एवं निजी विवादों को लेकर अपनी मांगों को मनवाने और दबाव बनाने के उद्देश्य से टंकी पर चढ़ी है। वहीं वह धरमपुरी विधायक पर भी कई गंभीर आरोप लगा रही है।

पुलिस कर रही समझाइश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश दी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता महिला और उसके बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। वहीं घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिलहाल पुलिस महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने