कचरे के ढेर में मिली मानव खोपड़ी, क्षेत्र में फैली सनसनी
रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर के पास मिला मानव अवशेष, पुलिस जांच में जुटी
जबलपुर | रांझी थाना क्षेत्र
जबलपुर के उपनगरीय क्षेत्र रांझी थाना अंतर्गत रक्षा नगर स्थित फक्कड़ बाबा मंदिर के पास बुधवार 3 जून को उस समय हड़कंप मच गया, जब कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोपड़ी को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने खोपड़ी को फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उसकी वास्तविक स्थिति और पहचान के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सके।
सीएसपी ने क्या कहा?
सीएसपी रांझी सतीश साहू ने बताया कि रक्षा नगर फक्कड़ बाबा मंदिर क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि कचरे के ढेर में एक मानव खोपड़ी पड़ी हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोपड़ी बरामद कर ली है और उसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल से केवल खोपड़ी ही मिली है। अन्य कोई मानव अवशेष नहीं मिले हैं, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
कबरबिज्जू से जुड़ी संभावना
पुलिस की पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में अक्सर कबरबिज्जू (Hyena) देखे जाते हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कोई कबरबिज्जू किसी कब्र से खोपड़ी निकालकर यहां तक ले आया हो।
हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की है। मामले की जांच जारी है।
