बम धमाकों के बाद भी नहीं थमीं घटनाएं, कोर्ट में चाकू लेकर पहुंचा युवक गिरफ्तार

 जिला न्यायालय में फिर सुरक्षा पर सवाल

कोर्ट परिसर में चाकू लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार, 2 महीने में 9 हथियारबंद पकड़े गए

जबलपुर। जबलपुर जिला न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बुधवार को कोर्ट परिसर के भीतर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक खुलेआम धारदार चाकू लेकर घूमता पाया गया। हालांकि, कोर्ट परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ओम उपाध्याय ने गेट पर सुरक्षा जांच के दौरान आरोपी युवक को रंगे हाथों घातक चाकू के साथ पकड़ लिया और तत्काल थाना ओमती पुलिस के हवाले कर दिया।



 2 महीने में 9 हथियारबंद संदिग्ध गिरफ्तार

अदालत परिसर में लगातार सामने आ रही सुरक्षा संबंधी घटनाओं के बीच आरक्षक ओम उपाध्याय सुरक्षा की मजबूत दीवार बनकर उभरे हैं। कोर्ट के प्रवेश द्वार पर तैनात आरक्षक ने बीते मात्र दो महीनों में 9 ऐसे संदिग्ध लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की है, जो चाकू जैसे घातक हथियारों के साथ कोर्ट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। सभी आरोपियों को पकड़कर ओमती पुलिस के सुपुर्द किया जा चुका है।

 16 मार्च के बम धमाकों से दहल चुका है कोर्ट परिसर

गौरतलब है कि जिला अदालत परिसर में 16 मार्च 2026 को एक बेहद संवेदनशील घटना सामने आई थी। कोर्ट नंबर-2 और सीजीएम (CJM) चैंबर के पास अचानक एक के बाद एक धमाके हुए थे। जांच के दौरान घटनास्थल से बम के अवशेष और माचिस बरामद हुई थी। इस घटना ने वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने भी जिला अदालत की सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई थी।

 वकील पर भी हो चुका है जानलेवा हमला

सुरक्षा व्यवस्था में सेंधमारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले इसी न्यायालय परिसर में एक वकील ने दूसरे वकील पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में पीड़ित वकील की गर्दन पर गंभीर चोट आई थी, जिसके बाद अदालत परिसर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

 सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। सवाल यह है कि जब अदालत जैसे संवेदनशील स्थान पर बार-बार हथियार और विस्फोटक सामग्री पहुंच रही है, तो सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए क्या अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने