शहडोल में दिल दहला देने वाली घटना
मां ने तीन मासूम बेटियों के साथ कथित रूप से खाया जहरीला पदार्थ, चारों की मौत
गांव में पसरा मातम, चार चिताओं ने झकझोर दिया इलाका
जानकारी के मुताबिक हिरवाह गांव निवासी अनिता सिंह अपनी तीन बेटियों अर्पिता, कृष्णकुमारी और रितिका के साथ गांव के जीनी क्षेत्र स्थित अपने आवास में रहती थीं। बताया जा रहा है कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि परिवार का मूल निवास तिखवा गांव में है।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला और उसकी तीनों बेटियों ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन किया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। एक साथ चार मौतों की खबर ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या कोई अन्य कारण तो नहीं था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।
इलाके में शोक की लहर
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से हिरवाह गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने सभी को भीतर तक झकझोर दिया है। लोग घटना के वास्तविक कारणों का पता चलने का इंतजार कर रहे हैं।
