🔴 BREAKING NEWS
Loading...

QR कोड से लेते थे पैसे! रेलवे में फर्जी किन्नरों का संगठित रैकेट बेनकाब


रेलवे में किन्नर बनकर वसूली का खेल: RPF ने 120 से ज्यादा फर्जी किन्नर पकड़े

जबलपुर: रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलने वाले कथित किन्नरों को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि ट्रेनों में घूमकर वसूली करने वाले कई लोग वास्तविक किन्नर नहीं, बल्कि युवक हैं जो आसान कमाई के लालच में किन्नरों का वेश धारण कर यात्रियों से पैसे वसूल रहे थे।


तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी से खुला राज

ट्रेनों में यात्रियों से जबरन वसूली की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद 3 जून को RPF ने विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान तीन संदिग्ध किन्नरों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक हैं, जो महिलाओं और किन्नरों की तरह वेशभूषा धारण कर यात्रियों से पैसे वसूल रहे थे।

घर से युवक, स्टेशन पहुंचते ही बदल लेते थे हुलिया

पकड़े गए आरोपियों में कानपुर निवासी आशीष (बदला हुआ नाम आशी), महेश (माही) और पिंचू (तरन्नुम) शामिल हैं। तीनों जबलपुर के गायत्री नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार ये घर से सामान्य कपड़ों में निकलते थे और स्टेशन पहुंचने से पहले साड़ी या सूट पहनकर, मेकअप और सिंदूर लगाकर पूरी तरह किन्नरों जैसा रूप धारण कर लेते थे।

रोजाना 1500 से 2000 रुपये तक की कमाई

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नौकरी नहीं मिलने के कारण उन्होंने यह रास्ता चुना। यात्रियों से 10 से 100 रुपये तक वसूलकर वे प्रतिदिन 1500 से 2000 रुपये तक कमा लेते थे। नकदी नहीं होने पर यात्रियों से ऑनलाइन भुगतान लेने के लिए QR कोड भी साथ रखते थे।

कटनी से इटारसी तक फैला नेटवर्क

RPF पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के मुताबिक पकड़े गए अधिकांश युवक उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले हैं। इन लोगों ने जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और इटारसी जैसे प्रमुख रेलवे जंक्शनों के आसपास अपना नेटवर्क बना रखा है। किराए के मकानों में रहकर ये समूह के रूप में काम करते हैं और ट्रेनों में यात्रियों से वसूली करते हैं।

किन्नर समाज ने जताई नाराजगी

इस खुलासे के बाद किन्नर समुदाय ने भी नाराजगी जताई है। जबलपुर की माही किन्नर ने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से पूरे किन्नर समाज की छवि खराब हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किन्नरों का वेश धारण कर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

RPF की सख्त निगरानी जारी

रेलवे सुरक्षा बल का कहना है कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि जबरन वसूली या किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या RPF को सूचना दें।

पिछले छह महीनों में RPF द्वारा 120 से अधिक फर्जी किन्नरों को पकड़ा जा चुका है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने की अपील की है।

```

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar