85 वर्षीय महिला पर ईंट से हमला कर जेवर लूटे, पुलिस जांच में जुटी

 खेत में सो रही बुजुर्ग महिला पर हमला, जेवर लूटकर फरार हुए बदमाश 

नर्मदापुरम: जिले के तालनगरी गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खेत में बनी टपरिया में अकेली सो रही 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया और उनके जेवर लूटकर फरार हो गए।

 सुबह खून से लथपथ मिलीं बुजुर्ग महिला

सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे जब परिजन खेत पहुंचे तो उन्होंने महिला को खटिया से लगभग 10 फीट दूर जमीन पर बेहोश हालत में पड़ा पाया। महिला के सिर से काफी खून बह चुका था और उनके कपड़े भी खून से सने हुए थे। परिजनों ने देखा कि उनके हाथों में पहने चांदी के कड़े सहित अन्य जेवर गायब थे।

 ईंट से हमला किए जाने की आशंका

घटनास्थल पर खटिया के पास खून के निशान और एक ईंट मिलने से पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने सोते समय महिला के सिर पर ईंट से वार किया। माना जा रहा है कि हमले के बाद महिला जान बचाने के लिए कुछ दूर तक गईं, लेकिन गंभीर चोटों के कारण गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी जेवर लेकर मौके से फरार हो गए।

 खेत की टपरिया में रहती थीं महिला

परिजनों के अनुसार परिवार का मुख्य मकान गांव में स्थित है, जबकि खेत पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी वजह से बुजुर्ग महिला और उनका बेटा छोटेलाल खेत में बनी टपरिया में रहते थे। घटना वाली रात छोटेलाल किसी काम से गांव वाले घर चले गए थे, जिसका फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

 पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे

घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को भी बुलाया। टीमों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल की।

 अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर:
घायल बुजुर्ग महिला को नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस का बयान:
प्रारंभिक जांच में मामला लूट और हत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
 ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar