सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से खुली सरिया चोरी की गुत्थी, 3 आरोपी गिरफ्तार

आदिनाथ स्टील्स से सरिया चोरी का भंडाफोड़

3 आरोपी गिरफ्तार, 2 लाख का सरिया और पिक-अप वाहन जब्त

जबलपुर: थाना भेड़ाघाट पुलिस ने आदिनाथ स्टील्स परिसर से बड़े पैमाने पर लोहा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 27 बंडल सरिया, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा वारदात में प्रयुक्त पिक-अप वाहन जब्त किया है।

फैक्ट्री परिसर से लगातार गायब हो रहा था सरिया

भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम तेवर स्थित आदिनाथ स्टील्स के मैनेजर कमलेश अवस्थी ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले कुछ समय से फैक्ट्री परिसर में रखे लोहे के सरिया लगातार कम हो रहे थे। स्टॉक की जांच करने पर कुल 90 बंडल सरिया गायब पाए गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल कंपनी के मालिक अशोक कुमार जैन को इसकी जानकारी दी।


मैनेजर की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार

मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भेड़ाघाट चौक के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने आदिनाथ स्टील्स परिसर से सरिया चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

गिरफ्तार आरोपी:
• सोनू काछी
• लेखराम उर्फ गुड्डू पटेल
• चेतराम यादव

जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का माल

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी किए गए माल का कुछ हिस्सा कबाड़ियों को बेच दिया गया था, जबकि शेष 27 बंडल सरिया को धुआंधार ध्यान केंद्र के पास जंगल में एक पिक-अप वाहन में लोड कर छिपाकर रखा गया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और लगभग 2 लाख रुपये कीमत के सरिया के बंडल तथा परिवहन में इस्तेमाल की गई लोडिंग गाड़ी जब्त कर ली।

पुलिस टीम की सराहनीय कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना तिवारी तथा नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश चौरिया के नेतृत्व में की गई।

पूरे मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक राजेश धुर्वे, आरक्षक संतोष जाट, अरविंद एवं अंकित की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

90 बंडल सरिया चोरी मामले का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar