कटनी बस हादसे पर RTO का बड़ा एक्शन, बस-ट्रक के परमिट निरस्त, ड्राइवरों के लाइसेंस सस्पेंड

 कटनी बस-ट्रक हादसे पर बड़ा एक्शन: परमिट-फिटनेस निरस्त, ड्राइवरों के लाइसेंस निलंबित

कटनी, मध्य प्रदेश: जिले में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद परिवहन विभाग ने कड़ा कदम उठाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक के परमिट तथा फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त कर दिए हैं। साथ ही दोनों वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं।

 मूल दस्तावेज जमा कराने के निर्देश

कटनी जिला अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा जारी आदेश में बस मालिक पंकज गुप्ता (घंटाघर रोड, मसुरहा वार्ड निवासी) तथा ट्रक मालिक अनिल कुमार सुहाने (बाल गंगाधर वार्ड नंबर-4, पन्ना मोड़ निवासी) को अपने-अपने वाहनों के मूल परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

 इतनी भीषण थी टक्कर कि पलट गई बस

यह हादसा कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार यात्री बस कटनी से कैमोर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक कटनी की तरफ आ रहा था। दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई।

 टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क पर पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

 35 मिनट चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस, प्रशासन और राहत दल ने लगभग 35 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में दो पुरुष और एक महिला सहित कुल तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 शुरुआती जांच में सामने आया कारण

जिला पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। इसी कारण वाहन अनियंत्रित होकर बस से टकरा गया। हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।

 मुख्यमंत्री ने जताया शोक, सहायता राशि का ऐलान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कटनी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

 कटनी हादसे के बाद परिवहन विभाग की सख्ती, दोषियों पर कार्रवाई जारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने
sach ki dunia, India's top news portal Get Latest News. Hindi Samachar