मंडी में 80 क्विंटल मूंग चोरी! चोरों ने रची फिल्मी साजिश, खाली ट्रक छोड़ हुए फरार
जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की कृषि उपज मंडी से चोरी की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने मंडी परिसर में खड़े ट्रक से 80 क्विंटल मूंग पार कर दी। चोरी गए माल की कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी मूंग चुराने के बाद ट्रक को वापस मंडी में खड़ा कर गए।
15-16 जून की रात हुई वारदात
यह घटना 15 और 16 जून की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पाटन कृषि उपज मंडी में मूंग से भरा ट्रक खड़ा था। अगले दिन अनाज व्यापारी विकास अग्रवाल को यह माल जबलपुर भेजना था। जब वह सुबह मंडी पहुंचे तो ट्रक अपनी जगह पर खड़ा मिला, लेकिन उसमें लदी पूरी मूंग गायब थी।
किसानों से खरीदी गई थी 134 बोरियां मूंग
जानकारी के अनुसार व्यापारी विकास अग्रवाल ने स्थानीय किसानों से 134 बोरियां मूंग खरीदी थीं। सभी बोरियां ट्रक में लोड कर मंडी यार्ड के अंदर सुरक्षित रखी गई थीं। लेकिन रात के अंधेरे में बदमाशों ने पूरी खेप पर हाथ साफ कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि
पुलिस की प्रारंभिक जांच और मंडी परिसर के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच दो से तीन अज्ञात लोग ट्रक को मंडी से बाहर ले जाते दिखाई दिए। आशंका है कि आरोपी ट्रक को किसी सुनसान स्थान पर ले गए, वहां मूंग को दूसरे वाहन में उतारा और फिर खाली ट्रक वापस मंडी में खड़ा कर दिया।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है। मंडी के आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामला दर्ज कर लिया गया है और कई टीमों को जांच में लगाया गया है।
मंडी में पहली बार हुई ऐसी चोरी
मंडी सचिव फूल सिंह ने बताया कि घटना के समय मंडी में चौकीदार तैनात थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी के दौरान वे परिसर के बाहर गश्त कर रहे थे। इस वारदात ने व्यापारियों और किसानों दोनों को हैरान कर दिया है।
