पगार मांगना पड़ा भारी! वेतन विवाद में कर्मचारी के चाचा पर जानलेवा हमला
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के भेड़ाघाट क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मेहनत की कमाई मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। वेतन मांगने के विवाद में कुछ युवकों ने एक कर्मचारी के चाचा को बीच सड़क पर घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। मामला जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा तक पहुंचा, तब पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
घर पहुंचकर दी थी जान से मारने की धमकी
जानकारी के अनुसार भेड़ाघाट निवासी सचिन यादव का भतीजा निहाल यादव स्थानीय दुकानदार पीयूष साहू के यहां कार्यरत था। करीब एक माह का वेतन बकाया होने पर जब निहाल ने अपनी पगार की मांग की तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दुकानदार अपने साथियों के साथ निहाल के घर पहुंचा और उसे खुलेआम जान से मारने की धमकी दी।
चार युवकों ने घेरकर किया हमला
अगले दिन रंजिश और बढ़ गई। आरोप है कि पीयूष साहू ने अपने साथी अतुल, साहिल और बिट्टू पटेल के साथ मिलकर सचिन यादव को धुआंधार मार्ग पर घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सचिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दुकानदार को संदेह था कि निहाल नौकरी के दौरान पैसों की चोरी करता था। इसी शक के आधार पर पूरी साजिश रची गई और उसके चाचा को निशाना बनाया गया।
CCTV फुटेज बना बड़ा सबूत
घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में आरोपियों द्वारा सड़क पर घेरकर मारपीट किए जाने की तस्वीरें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। यही वीडियो अब पुलिस जांच का प्रमुख आधार बना हुआ है।
ASP के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई तेज
पीड़ित पक्ष द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से शिकायत किए जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ा। ASP ने घटना की गंभीरता को देखते हुए भेड़ाघाट थाना प्रभारी को तत्काल प्रकरण दर्ज कर सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
