फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिला को भेजे अश्लील संदेश, नगर पालिका कर्मचारी गिरफ्तार
नर्मदापुरम। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक महिला को कथित रूप से अश्लील संदेश और पोस्ट भेजने के मामले में कोतवाली पुलिस ने नगर पालिका नर्मदापुरम के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी सुनील सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
महिला की शिकायत से खुला मामला
इटारसी निवासी एक महिला ने 14 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि फेसबुक मैसेंजर पर उसे ‘सौरभ साहू’ नाम की आईडी से अश्लील संदेश प्राप्त हो रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79, 78(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया था।
साइबर सेल की जांच में सामने आया नाम
मामले की जांच के दौरान साइबर सेल ने फेसबुक अकाउंट से जुड़े आईपी एड्रेस और मोबाइल नंबर की तकनीकी पड़ताल की। जांच में यह जानकारी सामने आई कि संबंधित आईडी शास्त्री वार्ड निवासी सुनील सिंह राजपूत से जुड़ी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे आरोपी बनाया।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद आरोपी फरार हो गया था। कई दिनों तक पुलिस की नजरों से बचने के बाद उसकी गतिविधियों की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
नगर पालिका ने भी लिया था एक्शन
मामला दर्ज होने के बाद नगर पालिका परिषद नर्मदापुरम के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने आरोपी को अतिक्रमण दल के प्रभार से हटा दिया था। हालांकि सूत्रों के अनुसार इसके बाद भी आरोपी नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ दिखाई देता रहा।
पहले भी विवादों में रहा आरोपी
जानकारी के अनुसार सुनील सिंह राजपूत के खिलाफ वर्ष 2023 में भी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। इसके अलावा वर्ष 2018-19 में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कथित घोटाले में भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
थाना प्रभारी ने की पुष्टि
कोतवाली थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे आईटी एक्ट एवं महिला से संबंधित अपराधों के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
