टूटे बिजली तार ने ली मासूम की जान, 7 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत से भड़का जनाक्रोश📍 जबलपुर | गौर चौकी क्षेत्र के कुड़रिया गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली।
जबलपुर। गौर चौकी अंतर्गत रानी अवंती बाई वार्ड क्रमांक 67 के कुड़रिया गांव में टूटकर गिरे बिजली तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम श्लोक कनौजिया की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
खेत में शौच के लिए गया था मासूम
जानकारी के अनुसार ग्राम कुड़रिया निवासी संदीप कनौजिया का सात वर्षीय पुत्र श्लोक कनौजिया बुधवार सुबह घर के पीछे खेत में शौच के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे तलाशने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि श्लोक टूटे हुए बिजली तार के संपर्क में आने से अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।
परिजन तत्काल उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लगातार दी जा रही थी शिकायत, नहीं जागे जिम्मेदार
युवक कांग्रेस नेता राहुल रजक ने आरोप लगाया कि इस दर्दनाक हादसे के पीछे बिजली कंपनी के अधिकारियों की घोर लापरवाही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लटक रहे बिजली तारों की शिकायत लगातार विभाग को दी जा रही थी, लेकिन अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम हुई तेज आंधी और बारिश के दौरान बिजली तार टूटकर जमीन पर गिर गया था। समय रहते मरम्मत नहीं किए जाने के कारण बुधवार सुबह मासूम उसकी चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई।
हादसे के बाद लोगों में भारी नाराजगी
घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली विभाग समय रहते शिकायतों पर ध्यान देता और टूटे तार को हटाने की कार्रवाई करता, तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
