स्लीपर बस में छिपाकर ले जाया जा रहा था प्रतिबंधित गोंद, वन विभाग का बड़ा एक्शन! 4 तस्कर गिरफ्तार
बुरहानपुर। वन विभाग ने शुक्रवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र से इंदौर जा रही एक स्लीपर यात्री बस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सलाई गोंद बरामद किया है। संयुक्त कार्रवाई में बस को जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
देर रात वन विभाग का ऑपरेशन
शुक्रवार रात करीब ढाई बजे बोदरली वन परिक्षेत्र और बुरहानपुर वन परिक्षेत्र की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम को सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र से इंदौर की ओर जा रही एक स्लीपर बस में प्रतिबंधित सलाई गोंद की तस्करी की जा रही है।
रोकने की कोशिश, चालक बस लेकर भागा
वन विभाग की टीम ने दर्यापुर-जसोदी मार्ग पर बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से बस को आगे बढ़ा दिया। इसके बाद अधिकारियों ने बस का पीछा किया और दर्यापुर गांव में वाहन को रोककर तलाशी ली।
बस से मिला 7 क्विंटल 82 किलो प्रतिबंधित गोंद
तलाशी के दौरान बस से 7 क्विंटल 82 किलो प्रतिबंधित सलाई गोंद बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार जब्त किए गए गोंद की बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।
4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
वन विभाग ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बस के दो चालक और दो कथित गोंद तस्कर शामिल हैं। वहीं एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद है प्रतिबंध
वन अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य पीठ जबलपुर के आदेश के बाद सलाई गोंद के परिवहन, बिक्री और संग्रहण पर प्रतिबंध लगाया गया है। बुरहानपुर क्षेत्र में सलाई, धावड़ा समेत विभिन्न प्रकार के गोंद के कारोबार पर पूर्ण रोक लागू है।
तस्कर अपनाने लगे नए तरीके
वन विभाग का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर अवैध गोंद कारोबार को अंजाम देने की कोशिश कर रहे हैं। यात्री बसों का इस्तेमाल कर की जा रही यह तस्करी इसी का एक उदाहरण है।
वन विभाग की सख्ती जारी, प्रतिबंधित वन उत्पादों की तस्करी करने वालों पर लगातार कसा जा रहा शिकंजा।
