कलयुगी बेटे ने मां को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट
शराब के नशे में हैवान बना बेटा, टेबल फैन से वार कर ली मां की जान
जबलपुर। सिहोरा के गढिया मोहल्ला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जन्म देने वाली मां को उसके ही कलयुगी बेटे ने मौत के घाट उतार दिया। शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां को इतनी बेरहमी से पीटा कि कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें थम गईं।
सोमवार देर रात हुई इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद वार्ड क्रमांक-7 सहित पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
खाने की बात पर शुरू हुआ विवाद
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि गढिया मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय करन कोल शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान खाने की बात को लेकर उसने अपनी पत्नी कांति बाई कोल के साथ गालीगलौज और मारपीट शुरू कर दी।
बहू को बचाने पहुंची मां, बेटे ने उसी पर बरसा दिया कहर
बहू की चीख-पुकार सुनकर आरोपी की मां गिरान बाई मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बहू का पक्ष लेते हुए नशे में धुत बेटे को समझाने और फटकार लगाने की कोशिश की। लेकिन गुस्से से आगबबूला बेटे ने मां को जोरदार धक्का दे दिया।
मां जमीन पर गिर गईं, लेकिन हैवान बेटा यहीं नहीं रुका। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घर में रखे टेबल फैन से मां पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करन कोल मौके से फरार हो गया। मृतका के बड़े बेटे दशरथ कोल ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
जिस मां ने जन्म दिया... उसी मां की जान लेने वाला बेटा!
सिहोरा की इस घटना ने इंसानियत और रिश्तों दोनों को झकझोर कर रख दिया।
