🚨 आधी रात पार्किंग विवाद बना ‘पत्थर युद्ध’ ! 🚨
सदानंद सोसायटी में दो पक्षों के बीच जमकर पथराव, गाड़ियों में तोड़फोड़, महिलाएं भी भिड़ीं
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र स्थित सदानंद सोसायटी गंगानगर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब मामूली गाड़ी पार्किंग विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। रात करीब 1 बजे दो पक्ष आमने-सामने आ गए और फिर शुरू हुआ गाली-गलौज, मारपीट और जमकर पथराव का खतरनाक खेल। इलाके में पत्थर चलने से अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए।
⚡ हार्न बजा... और भड़क गया विवाद
पुलिस के मुताबिक सुमित दुबे (38) ट्रेवल्स का काम करता है। उसने अपनी गाड़ी रोड किनारे खड़ी की थी। इसी दौरान पड़ोसी नंदू अपनी गाड़ी निकालने के लिए लगातार तेज आवाज में हार्न बजाने लगा। सुमित ने बाहर आकर हार्न बजाने से मना किया तो मामला अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि नंदू और उसकी मां ने सुमित पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुमित की मां, पत्नी, भाभी और भाई अमित पर भी पथराव कर दिया गया।🚗 दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
वहीं दूसरे पक्ष के आकाश गिरी (23) ने पुलिस को बताया कि वह अपनी गाड़ी अंदर रखने जा रहा था लेकिन रास्ते में पहले से सुमित दुबे और अमित दुबे की फोर व्हीलर खड़ी थीं। रास्ता खाली कराने के लिए हार्न बजाया तो दोनों भाई बाहर निकल आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आकाश का आरोप है कि बात बढ़ने पर सुमित पक्ष की महिलाओं ने भी पथराव शुरू कर दिया, जिसमें उसकी बहन आराधना और मां ममता भी घायल हो गईं।🪨 पत्थरों की बारिश, गाड़ियों में तोड़फोड़
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर फेंके। कई वाहनों के शीशे टूट गए और कॉलोनी में चीख-पुकार मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि आसपास रहने वाले लोग डरकर घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने समझाने की कोशिश की लेकिन दोनों पक्ष किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।👮 पुलिस पहुंची, तब थमा बवाल
घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब 5 लोग घायल हुए हैं, जिनका शासकीय अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।
🔥 “पार्किंग का विवाद बना मोहल्ले की जंग, आधी रात पत्थरों से गूंजा गंगानगर” 🔥
